आ गई यूपी में मानसून की तारीख, इस तारीख से शुरु होगी झमाझम बारिश! जानें ताजा अपडेट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन की प्रतीक्षा अब खत्म होने वाली है। प्री-मानसूनी बारिश के अधिक प्रभावी नहीं होने से लगातार प्रदेश में लू जैसी स्थिति बनी हुई। मौसम विभाग का दावा है कि लोगों को चुभती जलती गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है। 28 जून से प्रदेश में मानसून का आगमन हो जाएगा। हालांकि, इससे पहले पश्चिमी यूपी के कुछ भागों में लगातार बन रहे सिस्टम के कारण आंधी-बारिश जैसी स्थिति बन सकती है। लेकिन, लोगों को इससे गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी। मानसून आने के बाद वातावरण के ऊपरी भाग में तापमान घटने से भीषण उमस से लोगों को राहत का अनुमान है।

क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग ने दावा किया है कि प्रदेश में सुस्त पड़े मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 जून को मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार के रास्ते प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। सोनभद्र, बलिया से लेकर गोरखपुर के इलाके में मानसून की पहली बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मानसून प्रदेश में प्रवेश करते ही प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी मानसूनी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के सीनियर वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून आने से पहले 24 से 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तपिश और लू का असर बना रहेगा। हालांकि, इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

31 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और भदोही समेत प्रदेश के 31 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मंगलवार को हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कहीं तेज हवाएं चलीं तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। लेकिन, उमस ने लोगों की परेशानी को बढ़ाया हुआ है।

बांदा अभी भी प्रदेश में सबसे गर्म जिला बना हुआ है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, प्रयागराज में 42.8 डिग्री, फतेहपुर में 42.6 डिग्री, वाराणसी में 42.5 डिग्री और हमीरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। बारिश जैसी स्थिति बनने के बाद राहत की उम्मीद की जा रही है। इसके लिए लोगों को अभी तीन दिन इंतजार करना होगा।