यूपी में मानसून लेट, अब 24 जून तक पहुंचेगा: जोरदार बारिश

लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर। यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार तड़के महाराजगंज में मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवा के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बारिश होती रही। बादल गरजने के साथ बिजली भी कड़की। खेतों में लबालब पानी भर गया। इसके अलावा, बाकी सभी जिलों में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हवा की रफ्तार कम होने से उमस महसूस हो रही है।

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। ऐसे में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, एक-दो जगह स्थानीय मौसमी सिस्टम की वजह से बारिश हो सकती है। ऐसे में 24 घंटे में पारा 5°C उछलकर 47°C तक पहुंच सकता है। 9 जून से 3 दिन हीटवेव (लू) चलेगी। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा।

IMD के मुताबिक, इस बार यूपी में मानसून 4 से 6 दिन लेट पहुंच सकता है। इसके 24 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। आने के बाद 10 दिनों में मानसून पूरे यूपी पर छा जाएगा। मानसून आमतौर पर 18-20 जून के बीच यूपी पहुंचता है।

शनिवार को झांसी 42.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में 42.2°C, जालौन में 41.4°C, फतेहपुर में 41.4°C और वाराणसी में 41.2°C रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो आजमगढ़ में रात का पारा सबसे कम 20°C दर्ज किया गया।