10 मिनट पर नमो भारत और सात मिनट पर मेट्रो… लो आ गया नया अपडेट

मेरठ। नमो भारत और मेरठ मेट्रो जल्द ही यात्रियों के लिए दौड़ती हुई नजर आएंगी। दोनों ट्रेनों को समय से दौड़ाने के लिए अंतिम ट्रायल चल रहा है। नमो भारत की अधिकतम संचालन गति 160 किमी प्रति घंटा है वहीं देश की सबसे तेज मेट्रो यानी मेरठ मेट्रो 120 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चलने में सक्षम है।

दोनों के संचालन में बाधा न आए इसलिए नमो भारत ट्रेन हर 10 मिनट में मिलेगी जबकि मेरठ मेट्रो लगभग सात मिनट के अंतर पर मिलेगी। वर्तमान में नमो भारत 15 मिनट पर आती हैं। मेरठ मेट्रो से सभी स्टेशनों पर रुकते हुए ये दूरी लगभग 30 मिनट में पूरी हो जाएगी।

दो दिनों से दोनों ट्रेनों के इस समय के अनुसार तेजी से दौड़ते हुए लोगों में कौतूहल है। अभी संचालन तिथि की घोषणा नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है कि कभी भी इसके लिए तिथि घोषित हाे सकती है।

ऐसे होगा दोनों ट्रेनों का संचालन
नमो भारत व मेरठ मेट्रो एक आधुनिक परिवहन प्रणाली है जिसका संचालन केंद्रीयकृत परिचालन नियंत्रण केंद्र (ओसीसी) से होगा। एनसीआरटीसी ने दुनिया में पहली बार एलटीई आधारित प्लेटफार्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) के साथ यूरोपियन ट्रेन कंट्रोल सिस्टम (ईटीसीएस) लेवल-टू को अपनाया है।

इसमें आटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) और आटोमेटिक ट्रेन सुपरविजन (एटीएस) शामिल हैं। एटीपी एक सुरक्षा प्रणाली है जो यह सुनिश्चित करती है कि ट्रेनें सुरक्षित गति सीमा और सिग्नल के भीतर संचालित हों।

वहीं एटीएस समय-सारिणी का पालन बरकरार रखने और व्यवधानों को न्यूनतम करने के लिए निगरानी और नियंत्रण की प्रणाली है। स्टेशन पर एक तरफ नमो भारत और दूसरी तरफ मेरठ मेट्रो मिलेगी। यात्री एक से उतरकर सामने वाले प्लेटफार्म से दूसरी ट्रेन पकड़ सकते हैं। एक ही दिशा में जाने के लिए यात्रियों को ज्यादा चलने की असुविधा नहीं होगी।