कानपुर पुलिस ऑफिस से चंद कदम दूर नाइट क्लब में लिफ्ट से बाहर निकलते समय युवक को चार लोगों ने पटक दिया। दस्तार खींच बाल पकड़कर घसीटते हुए लात-घूंसों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। 52 सेकेंड में 14 से ज्यादा थप्पड़ जड़ दिए। घूंसा मारकर नाक की हड्डी तोड़ दी।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घायल युवक की मां ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आजाद नगर आदित्य इन्केलव निवासी सोनिया भाटिया ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा वंश भाटिया शुक्रवार देर रात करीब 2:12 बजे सिविल लाइंस पुलिस ऑफिस के पास स्थित नाइट क्लब से लिफ्ट से नीचे उतर रहा था।
पांडुनगर निवासी धैर्य गुप्ता अपने तीन साथियों और एक युवती के साथ लिफ्ट में था। सभी युवक शराब के नशे में थे। यह पहले वंश से गले मिले। आरोप है कि लिफ्ट से बाहर निकलते ही चारों युवकों ने अचानक वंश के साथ धक्कामुक्की करते हुए जमीन पर गिरा दिया।
उसकी दस्तार खींचने के बाद बाल खींचकर मारने लगे। नाक की हड्डी तोड़कर गला दबाने का भी प्रयास किया। खरोंचने के निशान बेटे के नाक और गले में हैं। पूरी वारदात के दौरान वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और आरोपी उंगली दिखाकर बीच-बचाव करने वालों को भी देख लेने और जान से हाथ धो बैठने तक की धमकी देते रहे। मां का आरोप है कि बेटे को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। नाइट क्लब में घटना के कई वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
1:31 और 3:15 मिनट के दो सीसी कैमरे में घटना कैद
1:31 मिनट के इस फुटेज में लिफ्ट से निकलते ही पीड़ित युवक को घसीटते हुए लाते समय दोनों फर्श पर गिर जाते हैं। इसके बाद वह युवक खड़े होकर उसे पीटने लगता है। इसी दौरान आरोपी की अन्य तीन दोस्त उसे बाल पकड़कर घसीट-घसीटकर घूंसे मारते दिखते हैं।
वहीं दूसरा वीडियो स्टूडियो के बाहर का है। 3:15 मिनट के इस फुटेज में पीड़ित युवक को आरोपी दौड़ा-दौड़ाकर कर पीट रहे हैं। इसमें एक युवती भी उनके आगे पीछे भागते हुए कैद हुई है। वीडियो में आरोपी वहां तमाशबीन लोगों के बीच में आने पर देख लेने की धमकी दे रहे है।