उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद का इंतजार कर रहे लोगों के खाते में पहली किस्त का पैसा आने की तारीख फाइनल हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जनवरी, रविवार को लखनऊ के गोमती नगर से 2 लाख लाभार्थियों को 1-1 लाख रुपये की सौगात देंगे। सीएम योगी DBT के माध्यम से यह पैसा ट्रांसफर करेंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने जा रहे इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहेंगे।
केंद्र सरकार की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर बनाने के लिए पैसा दिया जाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जहां पक्का घर बनाने के लिए 1.30 लाख रुपये तक दिए जाते हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में अलग-अलग कैटेगरी में 2.5 लाख रुपये तक सरकार की ओर से दिए जाते हैं। यही नहीं 2.67 लाख रुपये तक ब्याज में सब्सिडी मिलने का भी प्रावधान है। इसी श्रेणी में यूपी के जिन नागरिकों ने आवेदन किया हुआ था, उनके खाते में पहली किस्त के रूप में यह पैसा 18 जनवरी को आने वाला है।
किस कैटेगरी में सीएम योगी करेंगे पैसा ट्रांसफर
यूपी में EWS कैटेगरी के अंतर्गत आने वाले लोग लाभार्थी आधारित निर्माण (BLC) के अंतर्गत अपनी जमीन पर घर बनाने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद पाने को पीएम आवास योजना शहरी में आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत खुद की जमीन पर घर बनाने के लिए 2.5 लाख रुपये तक दिए जाते हैं। इनमें 1.5 लाख रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए जाते हैं जबकि 1 लाख रुपये की रकम राज्य सरकार देती है। 18 जनवरी को सीएम योगी राज्य की ओर से मिलने वाली किस्त को ट्रांसफर करेंगे।
कितनी किस्तों में आता है पैसा
पीएम आवास योजना शहरी की BLC कैटेगरी में पैसा 3 किस्तों में आता है। सीएम योगी 18 जनवरी को पहली किस्त जारी करेंगे। पहली और दूसरी किस्त में 40-40 फीसदी पैसा आता है। इसके बाद 20 फीसदी पैसा मिलता है। यह पैसा घर निर्माण की प्रगति पर निर्भर करता है। इस योजना के तहत 30 से 45 वर्ग मीटर का घर बनाने की अनुमति होती है। इस योजना के तहत कम से कम 2 कमरे, किचन, टॉयलेट और वॉशरूम बनाना जरूरी होता है। साथ ही निर्माण कार्य 12 से 18 महीने में पूरा होना चाहिए।
लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
18 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपके खाते में पैसा ट्रांसफर करेंगे या नहीं, इसका पता आप Beneficiary List चेक करके भी लगा सकते हैं। इसके लिए आपको ऑफिशियल पोर्टल पर जाना होगा।
सबसे पहले पीएम आवास योजना 2.0 के पोर्टल पर जाएं
यहां आपको Track Application पर क्लिक करना है
आपके पास 3 विकल्प होंगे, 1. Beneficiary Code, 2. Name as Aadhaar and Aadhaar No, 3. Mobile Number
आप तीनों में से कोई भी एक विकल्प चुन सकते हैं
अगर आप Beneficiary Code चुनते हैं तो आपको एप्लीकेशन नंबर डालना है
इसके बाद कैप्चा कोड करने के बाद Show पर क्लिक कर दें
आपके आवेदन की जानकारी आपके सामने आ जाएगी
पीएम आवास योजना शहरी BLC की पात्रता
EWS श्रेणी में आने वाले परिवार ही इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं
पिछले 20 साल में आवास योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए
पीएम आवास योजना ग्रामीण या शहरी में से एक ही चुन सकते हैं
शहरों मे रहने वाले वे परिवार ही आवेदन कर सकते हैं जिनके पास पक्का घर नहीं है
इस योजना का लाभ पहली बार घर बनवा रहे लोगों को ही मिलेगा
इन लोगों के खाते में पहले आएगा पैसा
पीएम आवास योजना शहरी में विधवाओं, सिंगल महिलाओं, दिव्यांगजनों, सीनियर सिटिजन, SC/ST, अल्पसंख्यकों और अन्य कमजोर व वंचित वर्ग के आवेदकों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा अगर कोई पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों पर भी फोकस रहेगा।