लखनऊ। UP Weather: पश्चिमी उत्तर प्रदेश, सहित राजस्थान और हरियाणा में हुई कल बारिश से यूपी के कई शहरों में मौसम बदल गया। देर रात चलीं तेज हवाओं ने गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग का अनुमान है कि लखनऊ, कानपुर, इटावा, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या आदि जिलों में आज बादल छाने से न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है। हालाकि बारिश की संभावना नहीं है।
शुक्रवार को कई जिलों में बदला मौसम
शुक्रवार यूपी के कई जिलों में सुबह से ही मौसम बदला था। बादल होने के कारण दिन के तापमान में जो तेजी से बढ़ोतरी हो रही थी। शुक्रवार को उसमें थोड़ी नरमी देखने को मिली। दिन का अधिकतम तापमान केवल 0.8 डिग्री सेल्सियस ही बढ़ा।
बादलों से किसी प्रकार की राहत या बारिश की उम्मीद नहीं है
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह का कहना है कि यूपी के कई जिलों में अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्की नरम धूप के साथ आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि इन बादलों से किसी प्रकार की राहत या बारिश की उम्मीद नहीं है। सुबह की शुरुआत सुहावनी लग सकती है, लेकिन जैसे-जैसे समय आगे बढ़ेगा, तापमान में वृद्धि महसूस होने लगेगी। इस बदलते मौसम में लोगों को सुबह और दोपहर के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए अपनी दिनचर्या तय करनी होगी, ताकि स्वास्थ्य पर असर न पड़े।
दिन में लू जैसे हालात बन सकते हैं
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में चलने वाली हवा की गति में भी बदलाव देखने को मिलेगा। हवा की रफ्तार बढ़कर 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। यह हवा धीरे-धीरे गर्म होती जाएंगी, जिससे दिन के समय लू जैसे हालात बन सकते है। खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्म हवा का असर बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक पड़ सकता है, इसलिए उन्हें धूप से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए।
सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई
आने वाले दिनों में यूपी के सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। दिन का तापमान धीरे-धीरे ऊपर जाएगा, जिससे दोपहर के समय तेज गर्मी महसूस होगी। इसके साथ ही अब रात के तापमान में भी वृद्धि शुरू हो सकती है, जिससे रात में मिलने वाली ठंडक भी कम हो जाएगी।