यूपी के 31 जिलों में गैस सिलेंडर की रिकॉर्ड बुकिंग, गाजियाबाद पहले नंबर, आगरा-मेरठ, 2 और 3 पर

गाजियाबाद: इन दिनों ईरान, इजरायल-अमेरिका युद्ध के चलते गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी मची हुई है। उत्तर प्रदेश के जोन-2 के तहत आने वाले 31 जिलों में पिछले चार दिनों में गैस सिलेंडर की बुकिंग के मामले में गाजियाबाद नंबर एक पर रहा, जबकि आगरा दूसरे नंबर और मेरठ तीसरे नंबर पर रहा। गाजियाबाद में 1,01,450, आगरा में 86,025 और मेरठ में 48,665 बुकिंग हुई। बुकिंग की तुलना में डिलीवरी कम रही है।

ईरान, इजरायल-अमेरिका युद्ध से मची अफरा-तफरी
ईरान, इजरायल-अमेरिका युद्ध के चलते देश भर में गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि, सरकार की ओर से लगातार पर्याप्त एलपीजी होने की बात कही जा रही है। वहीं, लोगों से अतिरिक्त गैस सिलेंडर स्टोर न करने की सरकार लगातार अपील कर रही है। साथ ही गैस सिलेंडर की काला बाजारी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

मोदीनगर में 14 गैस सिलेंडर बरामद
रविवार को गैस सिलेंडरों की काला बाजारी करने वालों पर सख्ती की गई। आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोदीनगर इलाके से छापेमारी कर अवैध रूप से 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस ने मोदीनगर के ग्राम नाहल स्थित बिस्मिल्ला पेंट हार्डवेयर की दुकान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जावेद पुत्र शाहिद को आरोपी बनाया था।

गैस किल्लत के बीच PNG कनेक्शन बढ़े
गैस की किल्लत के बीच जिले में पीएनजी गैस कनेक्शन लेने वालों की संख्या बढ़ गई है। छह दिनों में करीब 20 से 25 हजार नए पीएनजी कनेक्शन जोड़े गए हैं। हालांकि, ये आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं। मार्च अंत तक आंकड़े जारी किए जाएंगे।

इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ी
वहीं, इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ गई है। जिले में दुकानदार अब कोयले और बिजली की भट्ठियों पर शिफ्ट हो रहे हैं। दूसरी ओर, गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं। कई जगहों से मारपीट तक की खबरें आ रही हैं।