यूपी में सड़क हादसों का तांडव! एनएच-731 पर ट्रैक्टर–इनोवा की टक्कर, एक की मौत

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बदलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बबुरा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बैंड पार्टी का सामान लेकर जा रहे ट्रैक्टर और तेज रफ्तार इनोवा कार के आमने-सामने टकरा जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

क्या हैं पूरा मामला ?
दरअसल, टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. घायलों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल बेहद दर्दनाक हो गया.

पुलिस के तरफ से कार्यवाई ?
सूचना मिलते ही बदलापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है. पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया.

इलाके में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. वहीं घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.