कानपुर । कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा हो गया। जब सीवर टैंक की शटरिंग खोलने के लिए उतरा एक मजदूर बेहोश हो गया। जिसको बचाने के लिए एक के बाद एक तीन अन्य लोग नीचे उतर गए। सभी बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफी सतर्कता के बाद चारों को बाहर निकाला गया। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक का उपचार चल रहा है। हादसा सीवर टैंक में जहरीली गैस की वजह से हुआ।
सीवर टैंक की शटरिंग खोलने पर हुआ हादसा
अकबरपुर के मीना की बगिया गांव में मकान में शटरिंग ठेकेदार अमन गुप्ता ने शटरिंग लगा रखी थी। वहीं सीवर टैंक था। बताया जा रहा कि सीवर टैंक 11 फीट गहरा है और करीब एक महीने से बंद था। आज सीवर टैंक की शटरिंग खोलने के लिए श्रमिक मुबीन नीचे उतरा था। वह बेहोश हो गया।
जहरीली गैस की वजह से तीनों की मौत
उसकी आवाज न आने पर निकालने के लिए शटरिंग ठेकेदार अमन और दूसरा श्रमिक सर्वेश भी उतरे। वह भी नीचे बेहोश हो गए। इसी बीच एक श्रमिक इसरार भी उतरा वह भी बेहोश हो गया। तीनों को अन्य श्रमिकों ने कपड़ा बांधकर नीचे उतरकर उन्हें बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस की वजह से तीनों की मौत हुई है।