पलवल। पलवल पुलिस और एसटीएफ गुरुग्राम के एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय डकैत और एक लाख 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश शंकर पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कुख्यात अपराधी हाल ही में हथीन के खरिया मोहल्ले में एक परिवार को बंधक बनाकर की गई डकैती का मुख्य सरगना है। इसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई थानों में हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं।
परिवार को बंधक बनाकर की थी लूट
हथीन थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती 23 अप्रैल की रात को वार्ड नंबर 10, खरिया मोहल्ला के रहने वाले सन्नी के घर में 8-10 हथियारबंद बदमाश जबरन घुस गए थे। इन बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
इस घटना के बाद शहर चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले सुभाष और उत्तर प्रदेश के नौझील के रहने वाले नरेश के रूप में हुई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक और लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा भी बरामद कर लिया था।
इसी कड़ी में जांच को आगे बढ़ाते हुए संयुक्त टीम ने अब पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड शंकर पहलवान को गिरफ्तार किया है। इस अंतरराज्यीय अपराधी पर दो राज्यों की पुलिस ने भारी-भरकम इनाम घोषित किया हुआ था। थाना सुरीर (मथुरा, उत्तर प्रदेश) में दर्ज मामले में उसकी गिरफ्तारी पर यूपी पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था, जबकि हरियाणा के हथीन थाने में दर्ज डकैती के मामले में उस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था।
आपराधिक रिकॉर्ड बेहद संगीन
शंकर पहलवान का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद संगीन रहा है। उस पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में आधा दर्जन बड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें झज्जर जिले के असौदा थाने में हत्या और डकैती, मथुरा (यूपी) के सुरीर थाने में संगीन अपराध, हथीन (पलवल) में बंधक बनाकर डकैती, अलीगढ़ (यूपी) के खैर थाने में गंभीर अपराध, मथुरा के ही नौझील थाने में लूटपाट व डकैती और सिरसा के कालावली थाने में हत्या व डकैती के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद शंकर पहलवान को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से लूटा गया माल, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कटर बरामद करने का प्रयास करेगी। इसके साथ ही, पुलिस की कई टीमें पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में छिपे गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।