आगरा। प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर अवसाद में आए 17 वर्ष के छात्र ने रविवार रात सुसाइड नोट लिखकर इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर दिया। मेटा अलर्ट के बाद डीजीपी मुख्यालय से मिली सूचना पर पुलिस ने 11 मिनट में पहुंचकर छात्र को जान देने से रोक लिया। पुलिस ने छात्र की काउंसलिंग कराने के बाद स्वजन को भी सतर्क किया।
घटना रविवार रात 1.49 बजे की है। मेटा ने डीजीपी मुख्यालय को ईमेल से अलर्ट किया। इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर छात्र ने भावुक शब्दों में अपनी मां से माफी मांगते हुए आत्महत्या का संकेत दिया था। अलर्ट मिलते ही उच्चाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और मोबाइल नंबर के आधार पर छात्र की लोकेशन ट्रेस कर आगरा पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर जैतपुर पुलिस 11 मिनट में छात्र के घर पहुंच गई। पुलिस ने स्वजन को जानकारी देकर तुरंत कमरे में प्रवेश किया। छात्र के हाथ में कीटनाशक की बोतल और पास में रस्सी मिली। पुलिस ने छात्र को सुरक्षित बचा लिया। छात्र ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है।
फेसबुक से उसकी एक युवती से दोस्ती हुई थी। यह बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हाल ही में हुए विवाद के चलते युवती ने उससे संबंध समाप्त कर लिया। इससे वह मानसिक तनाव और अवसाद में था। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि छात्र की काउंसिलिंग कराई गई है।