यूपी के इन 6 जिलों के कप्तान बनेंगे DIG, नए साल में मिलेगा प्रमोशन का तोहफा

नए साल में उत्तर प्रदेश के कई आईपीएस अफसरों को प्रमोशन मिलेगा. इसमें 2012 के भी IPS अफसर शामिल हैं जो पदोन्नति के बाद डीआईजी बन जाएंगे. इसमें जिलों के कप्तान भी शामिल हैं. उत्तर प्रदेश के कुल 61 आईपीएस अफसरों का प्रमोशन होगा.

IPS अभिषेक यादव SP पीलीभीत
पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव 2012 बैच के आईपीएस अफसर हैं. इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज थे. वह मुजफ्फरनगर और मथुरा जिले के भी एसपी रह चुके हैं. वह इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़कर आईपीएस बने. उनकी गिनती तेजतर्रार अफसरों में होती है. वह जहां भी रहे कानून व्यवस्था से कभी समझौता नहीं किया.

IPS आशीष तिवारी SSP सहारनपुर
आशीष तिवारी 2012 बैच के आईपीएस अफसर हैं. वह मध्यप्रदेश के होशंगाबाद के रहने वाले हैं. आईआईटी कानपुर से उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक और एमटेक किया. इसके बाद विदेश में मोटे पैकेज पर नौकरी भी की लेकिन मन नहीं लगा तो 2010 में वापस भारत लौट आए और यूपीएससी की तैयारी की. दूसरे प्रयास में साल 2012 में उनको 219वीं रैंक मिली और आईपीएस बने. वह अभी सहारनपुर जिले के एसएसपी हैं.

IPS विपिन टाडा SSP मेरठ
विपिन टांडा अभी मेरठ के एसएसपी हैं. उनकी गिनती तेजतर्रार अफसरों में होती है. उन्होंने सरकारी डॉक्टर से करियर की शुरुआत की बाद में यूपीएससी की तैयारी शुरू की और आईपीएस बने.वह राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले हैं. विपिन टाडा यूपीके 6 बड़े जिलों के कप्तान रह चुके हैं.

IPS संकल्प शर्मा SP लखीमपुर खीरी
आईपीएस संकल्प शर्मा की पहली पोस्टिंग मेरठ में हुई थी. वह नोएडा से लेकर लखनऊ तक कई जिलों में काम कर चुके हैं.वह मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं. उन्होंने आईआईटी रुड़की से पढ़ाई की है.

IPS सोमेन वर्मा SP मिर्जापुर
2012 बैच के आईपीएस सोमेन वर्मा पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. असम से उन्होंने एनआईटी किया. सिविल सर्विस ज्वाइन करने से पहले वह भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में मिनिस्ट्री ऑफ पॉवर में सेवाएं दे चुके हैं. मिर्जापुर का एसएसपी बनने से पहले वह सुल्तानपुर जिले के भी कप्तान रह चुके हैं.

IPS राज करन नैय्यर SSP गोरखपुर
गोरखपुर के एसएसपी राज करन अय्यर मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं. उन्होंने BE (बायोटेक्नोलॉजी) और M-Tech (नैनोटेक्नोलॉजी) में डिग्री हासिल की है. वह अयोध्या जिले के भी एसएसपी रह चुके हैं.