यूपी का ये जिला बनेगा बिजनेस हब! फोर लेन रोड के साथ बनेंगे तीन नए पुल

यूपी के अलीगढ़ जिले की रोड कनेक्टिविटी और सुविधाजनक होने वाली है. जिले में एक और रोड के फोरलेन बनाने पर काम शुरू हो गया है. इससे न केवल जाम के झाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा बल्कि सफर में लगने वाला समय भी कम होगा.

अलीगढ़ में रामघाट सड़क को फोरलेन किया जाएगा. इसके पहले चरण का काम शुरू हो गया है. इसकी शुरुआत नरौरा से हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिसंबर में अलीगढ़ में भी इस पर काम शुरू हो जाएगा.

35 KM लंबा है रूट
बता दें कि अलीगढ़ में इस रोड की लंबाई करीब 35 किलोमीटर है. इसको बनाने में करीब 295 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी. अभी रूट में पड़ने वाले पेड़ के चलते काम रुका था लेकिन इनके कटान की परमिशन मिल चुकी है. बिजली लाइन को भी शिफ्ट किया जाएगा. पहले चरण की अनुमानित लागत करीब 186 करोड़ रुपये है.

क्या है प्लान?
फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में क्वार्सी चौराहे से अतरौली में अवंतीबाई चौराहे तक रोड को फोरलेन किया जाएगा. इसकी लंबाई करीब 21 किलोमीटर है. वहीं दूसरे चरण में अतरौली में अवंतीबाई चौराहे से मोहम्मदपुर बुढेरा गांव तक रोड को फोरलेन किया जाएगा. यह करीब 14 किलोमीटर लंबा है. तीन नए पुलों का भी निर्माण करने की योजना है.

विकास को मिलेगी रफ्तार
यही नहीं इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक योजना के तहत इस रूट का निर्माण किया जाएगा. जिससे अलीगढ़ की व्यापारिक तौर पर भी पहचान मजबूत हो और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले. इससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.

क्या है परियोजना से जुड़ा अपडेट
नरौरा में इस पर काम शुरू हो चुका है. वहीं अगले महीने यानी दिसंबर से अलीगढ़ में भी इस फोरलेन प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा. चौड़ीकरण में जो भी दिक्कतें आ रही हैं उनको दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.