UP के 2 एक्सप्रेसवे से बदलेगी बिहार की किस्मत: 15 घंटे में दिल्ली

पटना। उत्तर प्रदेश में बन रहे दो बड़े एक्सप्रेसवे बिहार के लोगों के लिए दिल्ली की दूरी को काफी आसान बनाने जा रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे तैयार हो गया है। शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार, दोनों हिस्सों से राजधानी तक सफर तेज और सुविधाजनक हो जाएगा।

दक्ष‍िण बिहार के लोगों के ल‍िए फायदेमंद गंगा एक्‍सप्रेसवे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगे।

लगभग 36,320 करोड़ रुपये की लागत से बने इस मार्ग से दक्षिण बिहार के जिलों, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, आरा और बक्सर के लोगों को खास फायदा मिलेगा।इन्हें वाराणसी होते हुए प्रयागराज के जरिए इस एक्सप्रेसवे तक पहुंचना होगा।

उत्‍तर बिहार के लोगों का सफर आसान करेगा 700 km का मार्ग
वहीं, लगभग 700 किलोमीटर लंबा शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।

यह एक्सेस-कंट्रोल्ड 6-लेन मार्ग उत्तर प्रदेश-हरियाणा सीमा पर शामली से शुरू होकर गोरखपुर तक जाएगा। इसे भारतमाला परियोजना के तहत नॉर्दर्न इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

आगे गोरखपुर-सिलीगुड़ी कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इस कॉरिडोर का लाभ उत्तर बिहार को मिलेगा, क्योंकि यह बिहार के आठ जिलों पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज से गुजरेगा।

गया और बेति‍या से 15 घंटे में द‍िल्‍ली
दोनों एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद बिहार से दिल्ली तक की सड़क यात्रा 15 से 18 घंटे में पूरी की जा सकेगी।

पटना से दिल्ली जाने के लिए संभावित रूट भी काफी सुगम हो जाएगा। पटना से आरा-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग पकड़कर गाजीपुर-बलिया के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ पहुंचा जा सकेगा। इसके बाद लखनऊ-आगरा मार्ग होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे दिल्ली पहुंचना आसान होगा।