UP में भाजपा विधायक की फॉर्च्यूनर का कहर… तीन को कुचला, एक की मौत, बंदूक दिखाकर भागे कार सवार

जाखलौन। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सत्ता के रसूख और रफ्तार के कहर ने एक मासूम जान ले ली। सोमवार देर रात यूपी सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ की पत्नी के नाम रजिस्टर्ड फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 साल के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

सुंदरकांड पाठ से लौट रहे थे युवक, पीछे से आई ‘मौत’
घटना जाखलौन थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा की है। शिवेंद्र (18), शंकर सिंह (45) और अनुज (20) सुंदरकांड का पाठ कर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे ललितपुर-जाखलौन मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर (UP 94 AK 9898) ने उन्हें रौंद दिया।

रफ्तार का कहर: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की स्पीड 100 किमी/घंटा से अधिक थी।

300 मीटर तक घिसटी कार: टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक को घसीटते हुए काफी दूर ले गई, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

उपचार के दौरान मौत: घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही शिवेंद्र ने दम तोड़ दिया।