UP News : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खरसाल बबुईया गांव के खैरा टोला में मंगलवार की रात जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों से हुई इस हिंसक झड़प में एक महिला समेत छह से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुरा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर रेफर कर दिया गया। घायलों में एक पक्ष के पिंटू कुशवाहा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गांव की आबादी की जमीन पर पिंटू कुशवाहा का छप्पर रखा हुआ है। इसी जमीन को लेकर कुशवाहा परिवार और गांव के एक अन्य परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। विवादित भूमि को लेकर दूसरे पक्ष ने न्यायालय से स्थगन आदेश भी प्राप्त कर रखा है। मंगलवार की रात कुशवाहा परिवार की एक मंदबुद्धि महिला विवादित जमीन पर स्थित झोपड़ी के पास चूल्हा बना रही थी।
इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से परिजन और समर्थक मौके पर पहुंच गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
मारपीट में एक पक्ष से पिंटू कुशवाहा, जितेंद्र, उदिया चंद, नर्सिंग तथा दो महिलाएं घायल हुईं, जबकि दूसरे पक्ष से नैमूल, शाबीर और अतिउल्लाह को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि आबादी की जमीन पर दावेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।