लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की मंगलवार को आयोजित बोर्ड परीक्षा के दौरान कई जिलों में फीस जमा न होने के कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा में बैठने से रोक दिए जाने के मामले सामने आए। लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के हस्तक्षेप के बाद संबंधित केंद्रों को निर्देश दिए गए और विद्यार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति मिल सकी।
राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम प्रभारी विवेक नौटियाल ने बताया कि बलरामपुर जिले में इंटरमीडिएट की छात्रा रिंकी को विद्यालय द्वारा फीस जमा न होने के कारण प्रवेश पत्र और परीक्षा की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इसी तरह अमरोहा जिले के इंटरमीडिएट छात्र सहदेव को भी परीक्षा से रोका गया था। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश जारी किए।
इसके अलावा सहारनपुर के एक परीक्षा केंद्र पर साधारण कलाई घड़ी पहनने के कारण एक अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था, जबकि एक अन्य छात्र को जैकेट पहनने पर रोका गया। कंट्रोल रूम से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नियमों के दायरे में रहते हुए किसी भी परीक्षार्थी को अनावश्यक रूप से परीक्षा से वंचित न किया जाए।
परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। गलत या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।