सहारनपुर: सहारनपुर में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान कपूरी मारा गया। कई थानों की पुलिस और बदमाशों के बीच चली इस कार्रवाई के दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि चिलकाना थाना प्रभारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए।
बदमाशों ने भागते हुए पुलिस पर की फायरिंग
घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। चिलकाना थाना क्षेत्र के हरड़ाखेड़ा इलाके में पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर तेज रफ्तार में सरसावा की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया तो बदमाशों ने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोलियों की बौछार में सरकारी वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दी गई। इसके बाद सरसावा थाना पुलिस समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम लगातार बदमाशों का पीछा करती रही। भागते-भागते बदमाश इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
बदमाश लगातार पुलिस टीम को बना रहे थे निशाना
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने खुद ऑपरेशन की कमान संभाली। इसी दौरान बदमाशों की दो गोलियां चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। यदि थाना प्रभारी ने जैकेट नहीं पहनी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बदमाश लगातार पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग कर रहे थे।
दो पुलिसकर्मी को लगी गोली
इस मुठभेड़ में सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लगी, जबकि सर्विलांस सेल में तैनात हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा के हाथ में गोली लगी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
लंबे समय से फरार चल रहा था बदमाश
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, एहसान कपूरी सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
कुख्यात अपराधी था एहसान कपूरी
एहसान कपूरी का नाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधियों में शामिल था। उसके खिलाफ लूट, डकैती, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 31 मुकदमे दर्ज थे। इनमें 13 मुकदमे अकेले लूट के बताए जा रहे हैं। वह बेहट थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती की घटना में भी शामिल था। पुलिस रिकॉर्ड में वह टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
एक साथी भागने में हुआ कामयाब
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से चार अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। हालांकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने इलाके में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
लंबे समय से पुलिस के लिए बना था चुनौती
जिला अस्पताल पहुंचे डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसएसपी अभिनंदन सिंह के नेतृत्व में की गई। उन्होंने कहा कि एहसान कपूरी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ दर्ज मामलों को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। डीआईजी ने घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल भी जाना और ऑपरेशन में शामिल टीम की सराहना की है।