बालेन शाह के देश में यूपी पुलिस का डंका, 453 नेपालियों को चंगुल से छुड़ाया!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में चल रहे एक नेटवर्किंग धोखाधड़ी रैकेट से 453 नेपाली नागरिकों को यूपी पुलिस ने बचा लिया। नेपाली अधिकारियों के साथ तालमेल करके यह ऑपरेशन चलाया गया। इस पर भारत में स्थित नेपाली दूतावास ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार, यूपी पुलिस और ऑपरेशन में शामिल रहीं अन्य एजेंसियों का आभार जताया है।

कुशीनगर में हो रहा था नेपाली नागरिकों का शोषण
भारत के नेपाल से सटे सीमावर्ती जिले कुशीनगर में नेपाली नागरिकों का शोषण और धोखाधड़ी की घटनाओं की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की गई थी। यूपी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कई जगहों पर छापेमारी की थी। यह बचाव अभियान उत्तर प्रदेश पुलिस, भारत सरकार की संबंधित एजेंसियों और एक गैर सरकारी संगठन (NGO) किन इंडिया (KIN India) ने मिलकर चलाया था।

अच्छी नौकरी का लालच देकर धोखाधड़ी
दिल्ली में स्थित नेपाल के दूतावास ने एक प्रेस रिलीज में कहा है कि, सोशल मीडिया के जरिए नेपाली नागरिकों को फायदेमंद नौकरी का लालच देकर भारतीय बॉर्डर एरिया में उनका शोषण किया जा रहा था। इस धोखाधड़ी के बारे में जानकारी मिलने पर नेपाली एम्बेसी ने उत्तर प्रदेश पुलिस, भारत सरकार की संबंधित एजेंसियों और एनजीओ किन इंडिया के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

कुल 453 नेपाली नागरिकों को बचाया गया
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए पुलिस ऑपरेशन के दौरान धोखाधड़ी के शिकार हुईं 115 महिलाओं और 338 पुरुषों सहित कुल 453 नेपाली नागरिकों को बचाया गया। उन्हें नेपाल के रूपनदेही के जिला पुलिस ऑफिस को सौंप दिया गया। ऑइस धोखाधड़ी के मामले में रूपनदेही पुलिस ने 6 महिलाओं सहित 19 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वह मामले की जांच कर रही है।

योगी आदित्यनाथ सरकार का आभार जताया
नेपाली दूतावास ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार, उत्तर प्रदेश पुलिस, नेपाल पुलिस, किन इंडिया और उन सभी एजेंसियों का आभार जताया है जिन्होंने इस रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की है।

लालच में न पड़ें नेपाली नागरिक
नेपाल के दूतावास ने कहा है कि, नेपाल सरकार और भारत में नेपाली एम्बेसी भारत में नेपाली नागरिकों की सुरक्षा और बचाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उसने नेपाली नागरिकों को सलाह दी है कि वे विदेश में नौकरी के नाम पर दिए जाने वाले ऑफर और अन्य तरह के लालच से सावधान रहें।