यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी तेज: 6 जून को होगी रिहर्सल

यूपी में होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएम योगी ने बुधवार रात अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने बैठक में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों, आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 6 जून को परीक्षा व्यवस्था की रिहर्सल कराने को कहा गया है।

परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए सरकार सुरक्षा,निगरानी और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दे रही है।

परीक्षा से जुड़ी अफवाह पर गंभीरता से लिया जाए: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह,भ्रामक सूचना या गलत प्रचार को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों में किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

‘भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए’

बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था,तकनीकी निगरानी और निष्पक्ष संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक आधारित होनी चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए।

‘भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना है’

योगी सरकार पहले भी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर सख्त रुख अपनाती रही है। वर्ष 2024 में पेपर लीक की शिकायतों के बाद एक भर्ती परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया गया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहती। मुख्यमंत्री के निर्देशों का उद्देश्य युवाओं का विश्वास बनाए रखना और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष,सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है।

यूपी सरकार बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चला रही

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार इस वर्ष पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चला रही है। राज्य में 81 हजार से लेकर 1 लाख तक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में जारी है। ऐसे में यह परीक्षा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है।