उत्तर प्रदेश में पुलिस का शिकंजा लगातार सख्त होता जा रहा है. बीते 24 घंटों में प्रदेश के पांच जिलों फिरोजाबाद, कानपुर, झांसी, पीलीभीत और लखनऊ में पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ों ने अपराधियों की नींद उड़ा दी है. कई कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हुए और कई गिरफ्तार भी हुए.
फिरोजाबाद में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी संतोष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.मामला रसूलपुर थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई थी. बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फतेहाबाद रोड के जंगल में छिपा हुआ है. गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया.
कानपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश करण मुठभेड़ में घायल
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश करण के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस चेकिंग के दौरान रोके जाने पर करण ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. आरोपी करण पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. करण ने 9 अक्टूबर को एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर उससे 9 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया था. आरोपी पर पहले से ही कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
पीलीभीत के बिसलपुर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश असलम और अशफाक घायल हुए, जिन्हें गिरफ्तार कर बिसलपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है.एसपी अभिषेक यादव के अनुसार दोनों बदमाश अंतर्जनपदीय अपराधी हैं, जिन पर 27 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि दोनों हाल ही में थाना बिलसंडा क्षेत्र में हुई लूट में भी शामिल थे। बदमाश जनपद बदायूं के अलापुर कस्बा सखानू के रहने वाले हैं.
लखनऊ में क्राइम टीम और पारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट पर मुठभेड़ हुई. रोकने पर गुरूसेवक नामक अपराधी ने पुलिस पर गोलियां चलाईं. जवाबी फायरिंग में वह मौके पर ढेर हो गया. गुरूसेवक ने अपने गिरोह के साथ मिलकर दो कैब चालकों की हत्या की थी और एक सप्ताह के अंदर लूट व हत्या की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था.
झांसी में ई-रिक्शा लूटने वाले बदमाशों से मुठभेड़, एक घायल, एक गिरफ्तार
झांसी के सीपरी थाना क्षेत्र में पुलिस और ई-रिक्शा लूटेरे बदमाशों के बीच रात में मुठभेड़ हुई. इस दौरान बदमाश विजय वाल्मीकि पैर में गोली लगने से घायल हुआ जबकि उसका साथी करण झा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश में पकड़ा गया.पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा, मोबाइल, 200 रुपये नकद, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए. दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.