UPSRTC के ड्राइवर-कंडक्‍टरों के बढ़े पैसे, अब हर किलोमीटर चलने पर मिलेंगे एक्‍स्‍ट्रा रुपये

लखनऊ: नए साल से पहले उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने अपने संविदा कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है. निगम ने घोषणा की है कि 1 जनवरी से प्रदेशभर के 37 हजार से अधिक संविदा ड्राइवरों और कंडक्टर्स को पुनरीक्षित दरों (Revised Rates) पर मानदेय का भुगतान किया जाएगा. सिटी बस सेवा के ड्राइवरों और कंडक्टर्स के भुगतान में 10-10 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है. अब ड्राइवरों को 2.18 रुपये की जगह 2.28 रुपये प्रति किलोमीटर और परिचालकों को 2.16 रुपये की जगह 2.28 रुपये प्रति किलोमीटर दर से भुगतान मिलेगा.

नई दरें नोएडा, एनसीआर और सीमावर्ती डिपो में भी लागू होंगी. इसके साथ ही ‘उत्तम प्रोत्साहन योजना’ के तहत सेवा अवधि व प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाएगा. दुर्घटना-रहित सेवा देने वाले ड्राइवरों को 18,687 रुपये और परिचालकों को 18,418 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा. वहीं “उत्कृष्ट प्रोत्साहन योजना” में ड्राइवरों को 21,687 रुपये और परिचालकों को 21,418 रुपये प्रदान किए जाएंगे.

निगम ने 10 और 20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों के लिए लॉयल्टी इंसेंटिव भी घोषित किया है, जिसमें 20 वर्ष सेवा पर 1,500 रुपये और 10 वर्ष पर 750 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे. निर्धारित ड्यूटी और किलोमीटर लक्ष्य पूरा करने पर 4,000 रुपये की अतिरिक्त राशि भी मिलेगी.