लखनऊ: प्रदेश भर में पूर्वी हवाएं चल रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ का भी आंशिक असर है. इसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. यही वजह है, कि ठंड का असर भी कम महसूस हो रहा है. लेकिन अब हवाओं का रूख बदल रहा है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 72 घंटे में मौसम बदलेगा और ठंड बढ़ने लगेगी. इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में सक्रिय चक्रवाती हवाओं का असर तीन दिन बाद उत्तर प्रदेश में दिख रहा है. प्रदेश के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही है. इससे दिन में ठंड का असर कम हो गया. अब धीरे-धीरे पूर्वी हवाओं का असर कम होगा और पश्चिमी हवा चलनी शुरू होगी. इस वजह से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है.
गिरेगा यूपी का तापमान: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ बने हालात और यूपी के आसपास चल रही हवाएं अब सतह पर आ रही हैं. पुरवा हवाओं के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों मे तापमान में वृद्धि हुई है.
प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है. पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने से बादल छंटेंगे. आगामी 3 दिनों के दौरान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. कुछ स्थानों पर सुबह कुहासा/धुंध छा सकता है.
लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में पिछले 4-5 दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है. पूर्वी हवाओं से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुवार को सुबह के समय धुंध छाई रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेंगे. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिजनौर सबसे ठंडा: बुधवार को उत्तर प्रदेश का बिजनौर जिला सबसे ठंडा जिला रहा. वहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, अधिकतम तापमान कानपुर देहात जिले में 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.