हापुड़; उत्तर-प्रदेश के हापुड़ जनपद के धौलाना-मसूरी मार्ग पर रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा (UP Bus Accident) सामने आया है। अरविंद डेयरी के समीप रात करीब 1:30 बजे बारातियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे और बस पूरी तरह से ट्रक के नीचे दब गई।
मशक्कत के बाद निकाला गया शवों को
हादसे के समय बस में सवार लोग गहरी नींद में थे। भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन बस के ट्रक के नीचे दबे होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और हाईड्रा मशीन की सहायता से बस को बाहर निकाला गया। पुलिस ने बस के मलबे में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में हताहत और घायल
इस दुखद घटना में बस चालक समेत 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सोनू (पुत्र जहीर), यूसुफ (पुत्र बशीर), अख्तर (पुत्र हमीद), यूनुस (पुत्र कदीर), मुन्ना (पुत्र मेहरबान) और बस चालक अशोक (पुत्र रतिराम) के रूप में हुई है। बस में सवार अन्य 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष का गंभीर अवस्था में उपचार जारी है।
प्रशासनिक मुस्तैदी और जांच
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पिलखुवा ने तुरंत अस्पताल और घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, डासना निवासी इकराम कुरैशी के पुत्र की बारात गुलावठी से वापस लौट रही थी, तभी यह अनहोनी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।