यूपी में 52 लाख से ज्‍यादा क‍िसानों के खाते में नहीं आएगी 23वीं क‍िस्‍त?

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त इस शनिवार यानी 20 जून को आने वाली है। देश के करोड़ों किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये खुद पीएम नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में हुगली के तारकेश्वर से ट्रांसफर करेंगे। लेकिन उत्तर प्रदेश के कितने किसानों के खाते में पैसा आएगा? यूं तो यूपी में पीएम किसान के 2.88 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी हैं, लेकिन लाखों किसानों को झटका लगना लगभग तय है।

पीएम क‍िसान सम्‍मान न‍िध‍ि का पैसा आने में अब महज 1 द‍िन शेष है। ऐसे में अभी तक भी आपने फार्मर आईडी नहीं बनवाई है तो कम से कम पीएम क‍िसान की 23वीं क‍िस्‍त तो भूल ही जाइए। केंद्र सरकार और केंद्रीय कृष‍ि मंत्री पहले ही स्‍पष्‍ट कर चुके हैं क‍ि ब‍िना फार्मर रज‍िस्‍ट्रेशन के सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं म‍िलेगा। UP Agristack के पोर्टल upfr.agristack.gov.in यूपी की बात करें तो 19 जून तक 81 फीसदी क‍िसानों ने ही क‍िसान पहचान पत्र ( Farmer ID ) बनवाई है। बाकी 19 फीसदी अभी भी इस काम को पूरा नहीं कर पाए हैं।

यूपी में अब तक कि‍तनी फार्मर आईडी बनीं?
उत्तर प्रदेश की बात करें तो UP Agristack के आध‍िकार‍िक पोर्टल upfr.agristack.gov.in पर 19 जून तक के आंकड़ें देखें तो यूपी में 2 करोड़ 88 लाख 70 हजार 995 पीएम क‍िसान के लाभार्थी हैं। इनमें से 18 जून तक 2 करोड़ 36 लाख 26 हजार 889 क‍िसानों ने ही फार्मर रज‍िस्‍ट्रेशन के ल‍िए आवेदन क‍िया है। इनमें से भी अभी तक 2 करोड़ 32 लाख 20 हजार 317 क‍िसानों की फार्मर आईडी ही मंजूर हुई हैं। इसका मतलब हुआ क‍ि पीएम क‍िसान के कुल लाभार्थ‍ियों में से 81.88 फीसदी क‍िसानों ने ही आवेदन क‍िया है। इनमें से भी 81.83% क‍िसानों के ही फार्मर आईडी बने हैं।

52 लाख क‍िसानों के नहीं बने फार्मर आईडी
यूपी में 18 जून की तारीख तक 52 लाख 43 हजार से ज्‍यादा क‍िसानों के फार्मर आईडी नहीं बने हैं। ऐसे में इस बात की पूरी आशंका है क‍ि इन क‍िसानों को झटका लग जाए। हालांकि उम्‍मीद की एक क‍िरण भी है। दरअसल केंद्रीय कृषि‍ मंत्री श‍िवराज स‍िंह चौहान ने फार्मर रज‍िस्‍ट्रेशन के ल‍िए 30 जून तक का समय द‍िया था। ऐसे में इस बात की संभावना है क‍ि इस बार पीएम क‍िसान योजना का पैसा जारी करते हुए इसमें थोड़ी ढील दे दी जाए।

प‍िछली बार यूपी के क‍ितने क‍िसानों के खाते में आया था पैसा
उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्‍या में अपात्र क‍िसानों के नाम पीएम क‍िसान सम्‍मान न‍िध‍ि योजना से काटे जा चुके हैं। पीएम क‍िसान सम्‍मान न‍िध‍ि योजना की 22वीं क‍िस्‍त की बात करें तो यूपी में 2 करोड़ 18 लाख 54 हजार 398 क‍िसानों के खाते में ही पैसा आया था।