यूपी के 33 जिलों में येलो अलर्ट, बस आज होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में मानसून विदाई की ओर बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला भी धीरे-धीरे थमने लगा है। आने वाले दिनों में कहीं भी भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान तेज धूप निकलने के आसार हैं। साथ ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिससे गर्मी और उमस भी परेशान कर सकती है। आज यूपी में कैसा मौसम रहने वाला है, आइए जानते हैं:

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी में पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज 33 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चार जिलों में तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर शामिल हैं। इन सभी जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

आने वाले दिनों में यूपी का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी में आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। 25 सितंबर तक यूपी में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान किसी भी तरह को कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

यूपी में कहां-कितनी हुई बारिश
यूपी में शुक्रवार राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बाराबंकी में 15 मिमी, बलिया में 9.1 मिमी, चुर्क में 9.4 मिमी, इटावा में 8 मिमी, नजीबाबाद में 6.4 मिमी, हमीरपुर में 4 मिमी, मेरठ में 5.1, मुजफ्फरनगर में 2.6 मिमी और बांदा में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।