गाजियाबाद में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 10.45 लाख की ठगी, विरोध पर मिली अपहरण की धमकी

गाजियाबाद। शेयर ट्रेडिंग में पांच गुना से अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 10.45 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पहले पीड़ित से 10.45 लाख रुपये निवेश कराए, फिर ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर रकम बढ़ाकर करीब 48.38 लाख रुपये दिखा दी। जब पीड़ित ने ट्रेडिंग बंद करने को कहा तो आरोपितों ने उनका ट्रेडिंग खाता खुद ही ऑपरेट करना शुरू कर दिया।

पासवर्ड बदलने के बाद भी ट्रेडिंग जारी रखी और कुछ ही दिनों में खाते को नेगेटिव में पहुंचा दिया। शिकायत करने पर रुपये लौटाने का झांसा दिया, लेकिन रकम बैंक खाते में भेजने के बजाय उसी ट्रेडिंग प्लेटफार्म में दिखाकर दोबारा ट्रेडिंग में खत्म कर दी। विरोध करने पर पीड़ित को किडनैप कराने की धमकी भी दी गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
कौशांबी निवासी जितेंद्र शर्मा के अनुसार बीते वर्ष सितंबर में वॉट्सएप पर खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताने वाले लोगों ने संपर्क किया। इसके बाद उन्हें ट्रेड वेल्थ सिक्योरिटी नाम के ट्रेडिंग प्लेटफार्म से जोड़कर खाता खुलवाया गया। आधार, पैन और अन्य दस्तावेज लेने के बाद 25 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच अलग-अलग खातों में आठ बार में कुल 10.45 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।

पीड़ित के मुताबिक 28 अक्टूबर को उनके ट्रेडिंग खाते में करीब 48.38 लाख रुपये दिखाई देने लगे, जो निवेश की गई राशि से पांच गुना से भी अधिक थी। मुनाफा देखकर उन्होंने आगे ट्रेडिंग रोकने के निर्देश दिए, लेकिन 30 और 31 अक्टूबर को उनकी अनुमति के बिना खाते में ट्रेडिंग होती रही। आरोप है कि ठगों ने एडमिन एक्सेस के जरिये खाता आपरेट किया और पूरा पोर्टफोलियो नुकसान में पहुंचा दिया।

खबरें और भी
पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई तो आरोपितों ने पहले दो लाख और फिर तीन लाख रुपये लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि यह रकम बैंक खाते में भेजने के बजाय ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर ही दिखाई गई और बाद में उसी खाते से दोबारा ट्रेडिंग कर उसे भी खत्म कर दिया गया। उन्हें शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। एक व्यक्ति ने काल कर किडनैप कराने की धमकी भी दी।