देहरादून। धामी सरकार उत्तराखंड के लोगों बड़ी सौगात देने जा रही है। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर हजारों लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 1872 परिवारों का आशियाने का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में 1872 ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
आर्थिक रूप से कमजो परिवारों के लिए नई उम्मीद
इस परियोजना में 1872 आवासों को बनाया गया है। 832 फ्लैट तैयार हो चुके हैं, 512 अतिरिक्त फ्लैटों में अंतिम चरण के कार्य चल रहे हैं। यह फ्लैट छह लाख रुपये लागत से बने हैं, लेकिन पात्र परिवारों को इन्हें केवल तीन लाख रुपये ही देने होंगे। बाकी रुपये केन्द्र और उत्तराखंड सरकार द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी के रूप में वहन की जाएगी।
आधुनिक सुविधाएं
इस परियोजना का निर्माण क्षेत्रफल लगभग 39,220 वर्ग मीटर है। जिसमें में कुल 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, टॉयलेट, बाथरूम और बरामदा है। सभी फ्लैट भूकंपरोधी तकनीक से बनाए गए हैं। बागवाला कैंपस में रेन वाटर हार्वेस्टिंग), सीवरेज सिस्टम और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था है। बच्चों के लिए हरे-भरे पार्क भी हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी
यह प्रोजेक्ट मुख्य बाजार और प्रमुख मार्ग से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर है। बस स्टेशन छह किलोमीटर और रेलवे स्टेशन आठ किलोमीटर दूर है।
पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया
केवल पांच हजार रुपये जमा कर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। बाकी रुपयों के लिए बैंकों से लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
लाभार्थियों को कंप्यूटर बेस्ड रैंडमाइजेशन लॉटरी सिस्टम से चुना जाएगा।
आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना के एमआईएस पोर्टल पर रजिस्टेशन होना चाहिए।
आवेदक को उत्तराखंड निवासी होना चाहिए।
वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
आवेदक या उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
आरसीसी बाउंड्री वॉल और मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण हो चुका है। सभी ब्लॉकों में विद्युत काम पूरा कर लिया गया हैं। यूपीसीएल द्वारा इलेक्ट्रिकल सेफ्टी जांच भी की जा चुकी है। फायर फाइटिंग सिस्टम का टेस्टिंग हो चुकी है। पानी के लिए अंडरग्राउंड टैंक और ओवरहेड टैंक स्थापित किए गए हैं, जबकि एसटीपी भी टेस्टिंग फेज में पहुंच चुका है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रुद्रपुर के बागवाला में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में बदलाव आने वाला है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर पात्र परिवार को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही लाभार्थियों को आवासों का आवंटन कर चाबियां सौंपी जाएंगी। – डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव आवास