देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के गुरुवार से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल पर तीखा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सेना और सैनिकों के जख्म कुरेदने आ रहे हैं। उन्होंने सवाल दागा कि उत्तराखंड के महान वीर सपूत सीडीएस जनरल बिपिन रावत को अभद्र शब्दों से संबोधित करने वाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ किस मुंह से संवाद कर सकेंगे।
पहलगाम हमले और फिर आपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाकर सेना के शौर्य पर प्रश्नचिह्न लगाने की कोशिश की। इससे सैनिक, पूर्व सैनिक ही नहीं, आम जनमानस आहत हुआ है। पूर्व सैनिक राहुल से पूछना चाहते हैं कि क्या सेना के पराक्रम का मजाक बनाया जाना चाहिए। उत्तराखंड के सैन्य परिवार न तो इसे भूलने वाले हैं और न ही उन्हें माफ कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन का लाभ नहीं दिया। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद ही यह संभव हो सका। इसके साथ ही सैनिकों व सैन्य परिवारों के उत्थान व कल्याण के लिए केंद्र के साथ ही प्रदेश सरकार ने कई कदम उठाए हैं। पूर्व सैनिक को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने हर बार सेना के मनोबल से खिलवाड़ करने का काम ही किया है।
राहुल का प्रयास हर बार-बार माहौल खराब करने का होता है। शांत फिजा में जहर घोलने का प्रयास भी किया जा रहा है, ताकि देवभूमि में तुष्टीकरण को बढ़ावा दिया जा सके। यह अलग बात है कि देश और प्रदेश की जनता इस सोच को बेहतर जानती है।