उत्तराखंड के काशीपुर में गाड़ी हटाने को कहने पर बुजुर्ग की हत्या की, परिवार पर जानलेवा हमला

काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। महुआखेड़ागंज नगर पंचायत के मोहल्ला जामा मस्जिद में घर के आगे खड़ी स्कार्पियो हटाने को कहने पर हुए विवाद में दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों व लोहे की राड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय अफजल अहमद की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार के पांच अन्य सदस्य चोटिल हैं।

अफजल के घर नौ जून को दो भतीजियों की शादी होनी है। शादी का सामान उतारने के लिए उन्होंने पड़ोसी से दरवाजे पर खड़ी गाड़ी हटाने को कहा तो आरोपित गाली-गलौज पर उतर आए।

शनिवार रात 11:30 बजे आरोपितों ने पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। सिर पर लोहे की राड लगने से अफजल बुरी तरह घायल हो गए थे।

भतीजे कासम अली, अनीस अहमद, रिजवान, फुरकान व मसीतन भी चोटिल हैं। सभी को अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर अफजल को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, लेकिन रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। पैगा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। अभी तहरीर नहीं दी गई थी।

वहीं, महुआखेड़ागंज के चेयरमैन रिजवान अहमद ने अस्पताल पहुंच मृतक के स्वजन को ढांढस बंधाया। मृतक के चार पुत्र असलम, अकरम, मुकर्रम, आकिल व पत्नी खातून हैं।