तीखी धूप और उमस के बीच गुड न्यूज; उत्तराखंड के इन इलाकों में आज बारिश

Uttarakhand Weather 22 June: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को राजधानी में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को दिनभर बेहाल रखा, जबकि रात में बढ़ी गर्मी एवं उमस ने राहत नहीं मिलने दी। मौसम विभाग ने आज पहाड़ के 6 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का सितम जारी रहेगा। इससे पहले रविवार दोपहर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल बाहर निकलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। शाम ढलने के बाद भी गर्मी कम नहीं हुई, इससे रात में लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।

पहाड़ के छह जिलों में हल्की बारिश होगी और मैदानों में गर्मी सताएगी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.सीएस तोमर ने बताया कि आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। देहरादून, टिहरी समेत कई जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

देहरादून में पारा 37 के करीब
रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, पंतनगर में अधिकतम पारा 36.4, मुक्तेश्वर में 24.1 और नई टिहरी में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार गर्म रातों से लोगों में चिड़चिड़ापन और थकान की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। वहीं, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार जी कौल ने बताया कि अधिक गर्मी और उमस के कारण शरीर में पानी की कमी, बहुत थकान और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने, ठंडी जगह पर रहने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी।

दून में शाम को ठंडी हवाएं चलीं और हल्की फुहारें पड़ीं
देहरादून। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे दूनवासियों को रविवार देर शाम राहत मिली। दिनभर उमस भरी गर्मी से बेहाल शहर के मौसम में बदलाव आया और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को काफी सुकून मिला। शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम पूरी तरह से सुहावना हो गया। शाम होते ही ठंडी हवाओं के चलने से सड़कों पर निकले लोगों के चेहरों पर राहत साफ देखी गई। मौसम के इस बदलते मिजाज ने शहरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। वीं, मसूरी में बदला मौसम का मिजाज बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं।

गर्मी में बच्चों को सता रही उल्टी-दस्त की परेशानी
हरिद्वार। लगातार बढ़ रहे तापमान का असर अब बच्चों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही छोटे बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। मेला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत ने बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 10 बच्चे उल्टी-दस्त जैसी समस्याओं के साथ उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। डॉ. शशिकांत के अनुसार तेज गर्मी और दूषित खानपान के कारण बच्चों में पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई। ये बच्चे गंभीर रूप से उल्टी और दस्त की समस्या से पीड़ित थे। समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति में सुधार हुआ।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यदि बच्चे को लगातार उल्टी, दस्त, बुखार या कमजोरी की शिकायत हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। डॉ. शशिकांत ने बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पिलाने, ताजा एवं पौष्टिक भोजन देने तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को धूप में अधिक देर तक न रहने दें और घर से बाहर निकलते समय हल्के सूती कपड़े पहनाएं। भोजन से पहले और शौच के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई भी जरूरी है, जिससे संक्रमण से बचाव किया जा सके