मंगलौर: उत्तराखंड के रुड़की जिले के लिब्बरहेड़ी गांव में पानी के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव लिब्बरहेड़ी में शुक्रवार को पानी के मुद्दे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई। गोली मोहित उर्फ मोंटी के हाथ में जा लगी जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मोहित को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें:प्रशासन को 2 दिन की मोहलत देकर पांवटा लौटे निहंग, चेतावनी भी दे डाली
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि गोली किसने और कैसे चलाई है। साथ ही यह भी जानकारी नहीं लग पाई है कि गोली तमंचे से चली है या फिर लाइसेंसी पिस्टल से। फिलहाल, पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। उधर, इस मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गोली किसने और किन परिस्थितयों में चलाई है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।
फायरिंग के मामले में दो पर मुकदमा
लक्सर में गाली गलौज कर तमंचे से फायर झोकने के मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। कुंआखेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती 24 जून को रात करीब 9:30 बजे गांव का ही एक युवक उसके घर के पास पहुंचा और गाली गलौज करते हुए तमंचे से उसके घर की ओर फायर झोंक दिया। शोर सुनकर भोपाल व मनीष आदि भी मौके पर आ गए। इसके बाद उक्त युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।