उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला-बदला सा दिखाई दे रहा है, जहां एक तरफ ऊंचे पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को हल्की ठंडक और रिमझिम फुहारों का अहसास हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ मैदानी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब थोड़ी ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी किए गए ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आज यानी 8 जून को राज्य के पांच पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से लेकर हल्की बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने संभावना जताते हुए कहा कि आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे इन क्षेत्रों के तापमान में गिरावट बनी रहेगी. इसके विपरीत, देहरादून, हरिद्वार, और उधम सिंह नगर जैसे राज्य के बाकी मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की उम्मीद है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज हुआ है. हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने हीटवेव (लू) की कोई चेतावनी जारी नहीं की है, यानी गर्मी बढ़ने के बावजूद लू के थपेड़े चलने की कोई आशंका नहीं है. लेकिन आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ा अपडेट साझा किया है, जिसके अनुसार उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1°C से लेकर 3°C तक बढ़ने प्रबल संभावना है. तापमान में होने वाली इस बढ़ोतरी के बाद मौसम में स्थिरता आएगी और पारा इसके बाद ज्यादा नहीं बढ़ेगा. आसमान की स्थिति की बात करें तो आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तक की स्थिति बनी रहेगी. आज का औसत अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान लगाया ग
या है.
रूड़की रहा सबसे गर्म, केदारनाथ में कड़ाके की ठंड
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का भारी अंतर देखने को मिला है. जहां मैदानी इलाके के हरिद्वार जिले में स्थित रुड़की में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहां का अधिकतम पारा 37.8°C तक पहुंच गया, जिसने मैदानी इलाकों में गर्मी का अहसास कराया. वहीं दूसरी तरफ, चारधाम में से एक बाबा केदारनाथ धाम में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा गिरकर महज 5.4°C पर पहुंच गया. इस कम तापमान के कारण केदारनाथ यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों को सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और केदारनाथ रूट पर आज भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है.
देहरादून और हरिद्वार में चटख धूप, बढ़ेगा उमस का ग्राफ
राज्य की अस्थायी राजधानी देहरादून और धार्मिक नगरी हरिद्वार समेत उधम सिंह नगर में आज का मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने वाला है. देहरादून में सुबह से ही चटख धूप खिली रहेगी, जिससे दोपहर के समय लोगों को गर्मी महसूस होगी. यहां का अधिकतम तापमान 36°C से 37°C के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, हरिद्वार और ऋषिकेश के मैदानी इलाकों में भी धूप का असर रहेगा, जिससे गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दोपहर में तपिश झेलनी पड़ सकती है. हालांकि, शाम के समय हल्की और ठंडी हवाएं चलने से मौसम थोड़ा सुहावना हो जाएगा. इन मैदानी जिलों में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जिससे गर्मी का ग्राफ थोड़ा और ऊपर जाएगा.
कुमाऊं के अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में राहत की फुहारें
बात अगर कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों की बात करें तो यहां का मौसम सुहावना बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में अल्मोड़ा में 16.9 मिमी और बागेश्वर के कपकोट में 6.0 मिमी तक की हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा चुकी है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए मौसम विभाग ने आज यानी 8 जून को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है. सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला और दीदीहाट जैसे इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिससे चटक धूप से राहत मिलेगी. वहीं, अल्मोड़ा और नैनीताल के पहाड़ी पर्यटन स्थलों में भी मौसम सुहावना रहेगा, जिससे मैदानी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
गढ़वाल मंडल के दो और प्रमुख पहाड़ी जिलों, उत्तरकाशी और चमोली में भी आज प्रकृति मेहरबान रहने वाली है. चमोली के थराली और कर्णप्रयाग इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में अच्छी ठंडक है. आज भी चमोली और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में दोपहर के बाद बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही बहुत हल्की वर्षा हो सकती है. जो लोग बद्रीनाथ जी, गंगोत्री या यमुनोत्री की यात्रा पर हैं, उन्हें अपने साथ गर्म कपड़े और छाता रखने की सलाह दी जाती है. इन दोनों ही जिलों के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की तो कोई संभावना नहीं है, लेकिन तेज ठंडी हवाएं चलने से मौसम में सिहरन बनी रहेगी.
11 जून से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग द्वारा जारी लॉन्ग-रेंज वेदर फोरकास्ट के मुताबिक, 8, 9 और 10 जून तक राज्य के मौसम का पैटर्न लगभग एक जैसा ही रहने वाला है. 9 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होगी, जबकि बाकी जिले शुष्क रहेंगे. 10 जून को भी हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. लेकिन, असली बदलाव 11 जून से देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, 11, 12 और 13 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जनपदों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना काफी बढ़ जाएगी. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस दौरान राज्य के मैदानी जनपदों में भी मौसम करवट लेगा और वहां भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. यानी 11 जून के बाद मैदानी इलाकों के लोगों को बढ़ती हुई तपिश और उमस भरी गर्मी से एक बार फिर बड़ी राहत मिल सकती है.