ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: उत्तराखंड परिवहन निगम के ट्रैवलर और ट्रक में टक्कर, 2 यात्री घायल

देवप्रयाग (टिहरी)। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीनधारा में उत्तराखंड परिवहन निगम के एक टेंपो ट्रैवलर और ट्रक के बीच दोपहर करीब 12 बजे आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें ट्रेंपो ट्रेवलर चालक और एक चारधाम यात्री हुए हैं।

देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि देवप्रयाग टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक बदरीनाथ की तरफ बढ़ रहा था।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

घायलों की पहचान टेंपो ट्रैवलर चालक हरदीप सिंह (45) पुत्र मुख्तार सिंह निवासी ग्राम अहमदपुर ग्रांट, थाना बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है, जिन्हें सामान्य चोटें आई हैं।

वहीं, वाहन में सवार यात्री धीरज कुमार (35) पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम चौपरिया, थाना नैमिषधाम, सीतापुर, उत्तर प्रदेश के सिर में गंभीर चोट है।

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बीच सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया। टेंपा ट्रेवलर परिवहन निगम के ऋषिकेश डिपो का है।