नीरज भारती का इस्तीफा सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के लिए खतरे की घंटी, हिमाचल में कांग्रेस की मुश्किल बढ़ेगी?

हिमाचल प्रदेश में नीरज भारती के इस्तीफे और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है। नीरज भारती प्रदेश कांग्रेस में उपाध्यक्ष के जैसे बड़े पद पर थे।

नीरज भारती राज्य सरकार में कृषि मंत्री चंद्र कुमार के बेटे हैं। उन्होंने हिमाचल सरकार के कामकाज पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को अपना इस्तीफा भेज दिया था।

इस्तीफे के पत्र में नीरज भारती ने आरोप लगाया कि पार्टी में जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है और राज्य में सरकार होने के बावजूद कार्यकर्ता अपने काम नहीं करवा पा रहे हैं।

नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में राज्य में ठेकेदारों के भुगतान की प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप भी लगाया था। आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस ने नीरज भारती को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया।

निकाय चुनाव में खराब प्रदर्शन
इस ताजा विवाद से कुछ दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में हुए स्थानीय निकाय के चुनाव में तीन निगम में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा था। निकाय चुनाव में खराब प्रदर्शन की वजह का पता लगाने के लिए कांग्रेस ने कमेटियों का गठन किया है। कांग्रेस से जुड़े सूत्र कहते हैं कि स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे पार्टी के लिए झटका हैं।

प्रतिभा सिंह और कौल सिंह ठाकुर ने उठाया था मुद्दा
नीरज भारती से पहले भी कई ऐसे नेता हैं जिन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होने वाले व्यवहार का मुद्दा उठाया है। इस साल 21 अप्रैल को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी चिंता जताई थी और कहा था कि सत्ता में होने के बाद भी पार्टी के कार्यकर्ता खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे हैं। इससे भी पहले पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा उठाया था।

प्रतिभा सिंह समेत कुछ नेताओं ने नीरज भारती का समर्थन किया। इनका कहना था कि इस्तीफा स्वीकार किए जाने से पहले नीरज भारती की बात को सुना जाना चाहिए था जबकि पार्टी में कुछ और नेताओं ने नीरज भारती की गतिविधियों को अनुशासन के खिलाफ बताया।

कांग्रेस के एक विधायक ने नीरज भारती को हिमाचल कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाने पर ही सवाल उठाया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (संगठन) ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार को बता दिया गया है।

कांग्रेस पर हमलावर हुई बीजेपी
बीजेपी ने इस मामले में कांग्रेस पर हमला बोला है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि भारती का इस्तीफा कांग्रेस के भीतर चौड़ी होती दरारों का साफ सबूत है और उनके इस्तीफे से पार्टी की खराब हालत लोगों के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह असंतोष और बढ़ेगा।

उधर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने अपने बेटे के आरोपों को खारिज कर दिया और सार्वजनिक रूप से अपनी बात उठाने को लेकर उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व के समक्ष इसे सही मंच पर उठाना चाहिए था।

हिमाचल प्रदेश में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन में बीजेपी को जीत मिली है। मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम में बीजेपी ने जीत हासिल की है जबकि पालमपुर नगर निगम पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।