हरियाणा में देवरानी ने अपने बेटे के साथ मिलकर जेठानी को उतारा मौत के घाट, घरेलू विवाद के चलते रची साजिश

पानीपत: पानीपत के नंगला-आर गांव में 54 वर्षीय सुखदेई की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्या की वारदात को उसकी देवरानी कृष्णा के इशारे पर उनके नाबालिग बेटे ने अंजाम दिया था। हत्या का कारण जेठानी सुखदेई और देवरानी कृष्णा के बीच घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस की सीआईए-वन टीम ने आरोपी मां कृष्णा और उनके नाबालिग बेटे को बबैल गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, सोने की चेन और कान की बाली बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि शनिवार शाम को सुखदेई की हत्या की सूचना मिली थी। सनौली खुर्द थाना पुलिस और तीनों सीआईए टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान नाबालिग आरोपी ने पहले लूटपाट के इरादे से हत्या की बात कही, लेकिन उसका ऊंची दीवार कूदकर भागने का दावा संदिग्ध लगा। गहन पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने अपनी मां कृष्णा के कहने पर सुखदेई की हत्या की।

हत्या का कारण घरेलू विवाद

पुलिस के अनुसार, सुखदेई और कृष्णा के बीच कुछ दिन पहले घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस विवाद के चलते कृष्णा ने दुश्मनी पाल ली और अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हत्या के लिए घर में सब्जी काटने वाले चाकू का इस्तेमाल किया गया। सुखदेई को सात बार चाकू मारकर उनकी हत्या की गई, जिसमें उनके सिर, छाती और पीठ पर गहरे घाव मिले।

नंगला-आर गांव निवासी मुन्नीराम ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। एक बेटी विदेश में रहती है, दूसरी का विवाह हो चुका है, और तीसरी का रिश्ता हाल ही में तय हुआ था। शनिवार को वह अपनी बेटी के साथ पानीपत बाजार गए थे, और उनकी पत्नी सुखदेई घर पर अकेली थीं। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके भतीजे ने उन्हें फोन कर लूट और हत्या की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर सुखदेई की लाश खून से लथपथ मिली। पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर सात चाकू के निशान पाए गए।

पुलिस की कार्रवाई

सीआईए-वन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णा और उनके नाबालिग बेटे को बबैल गांव के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, सुखदेई की सोने की चेन और कान की बाली बरामद की गई। सनौली खुर्द थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। नाबालिग आरोपी को किशोर सुधार गृह भेजा जाएगा, जबकि कृष्णा को कोर्ट में पेश किया गया है।