मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में मंगलवार की सुबह गंगटा थानाक्षेत्र की दरियापुर वन पंचायत अंतर्गत जमघट गांव में एक सनकी पति ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद वह गंगटा थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश कुमार एवं गंगटा थानाध्यक्ष सुनील साहनी पुलिस बल के साथ पहुंचकर छानबीन की। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया।
विवाद के कारण कर दी हत्या
जानकारी के अनुसार सुबह नरेश तांती के पुत्र मिथिलेश तांती का पत्नी नेहा कुमारी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर मिथिलेश तांती पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद मिथिलेश तांती घर से भाग निकला। घटना के समय मिथिलेश तांती की मां घर के पास गोहाल गई थी। गोहाल से घर आने पर बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जब कमरे में गई तो बहु को मृत पाया। इसके बाद पड़ोस के लोगों को जानकारी दी। पति द्वारा पत्नी की हत्या की खबर से लोग सन्न रह गये।
शक्की प्रवृति का था आरोपी पति
बताया जा रहा है कि मिथिलेश तांती शक्की प्रवृति का था। पत्नी का किसी से बात करना उसे पंसद नहीं था। पत्नी के किसी से बात करने पर दोनों में आए दिन नोकझोंक होते रहता था। सोमवार की शाम भी दोनों में विवाद हुआ था और सुबह विवाद बढ़ने पर मिथिलेश तांती ने पत्नी की हत्या कर दी।
2018 में हुई थी शादी
जमुई जिला निवासी बलराम तांती ने वर्ष 2018 अपनी पुत्री नेहा कुमारी की शादी मिथिलेश तांती से की थी। शादी के एक-दो वर्ष तक तो दोनों के बीच संबंध ठीक रहा। लेकिन इसके पति के संकालु प्रवृति के कारण दोनों में बराबर नोकझोंक होने लगा। उसे एक चार साल की एवं दूसरी दो साल की बेटी है। पिछले कुछ महीने से दोनों के बीच प्राय: रोज लड़ाई- झगड़ा होते रहता था।
ससुर ने दर्ज करायी प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके से माता, पिता, भाई, बहन, भोजाई व अन्य सदस्य जमघट गांव पहुंचे और नेहा का शव देख देख चीख-पुकार करने लगे। मामले को लेकर मृतका के पिता शिव सोहना, थाना लक्ष्मीपुर जिला जमुई निवासी बलराम तांती ने गंगटा थाना में आवेदन देकर दामाद मिथिलेश तांती को नामजद किया है।
गंगटा थानाध्यक्ष सुनील साहनी ने बताया कि मिथिलेश तांती शक्की प्रवृति का था। उसे पत्नी का किसी से भी बातचीत करना पसंद नहीं था। पत्नी द्वारा बात नहीं माने जाने पर हत्या की बात सामने आई है। हत्या के बाद थाना में सरेंडर किए मिथिलेश तांती को गिरफ्तार कर लिया गया है।