हरियाणा में इस दिन फिर करवट लेगा मौसम, होगी झमाझम बारिश

Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम ने एकदम करवट ले ली है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है. दिन में धूप जरूर खिल रही है, लेकिन जैसे ही सूरज ढलता है, ठंडक महसूस होने लगती है. रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. जिससे सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है. दरअसल हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं से तापमान में लगातार चौथे दिन भी गिरावट दर्ज की गई है. इस कारण हिसार, महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद में तापमान 17 डिग्री के करीब पहुंच गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि दोपहर के समय 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं. इससे अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1 से 2 डिग्री तक कम रह सकता है. बता दें कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अक्टूबर के 9 दिनों में करीब 30 एमएम बारिश हो चुकी है. आमतौर पर इस दौरान 4 एमएम बारिश होती है, मगर इस बार 649 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. इससे पहले 2004 में पूरे अक्टूबर में 58.4 एमएम बारिश हुई थी.

बारिश के कारण हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है. शनिवार को भी प्रदेश में महेंद्रगढ़ की रात सबसे ठंडी रही. यहां रात का तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया है. रात के समय ठंडक महसूस होने से कूलर व एसी लोगों ने बंद कर दिए हैं. वहीं कल यानी 11 अक्टूबर को करनाल ओर पलवल जिले में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आज हरियाणा में सुबह का तापमान 17°C है.

यह रहेगी आने वाले दिनों की स्थिति

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे जाने से 14 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है. दिन के समय पड़ रही धूप व रात के समय ठंडक बढ़ने पर यह मौसम रबी की फसलों की बुआई के लिए बिल्कुल उपयुक्त समय है. इस मौसम में किसानों को सरसों, चना व गेहूं की बुआई करनी चाहिए, ताकि इन फसलों की पैदावार अच्छी हो. इसी तरह 15 अक्टूबर को ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. यह दिन मौसम के लिहाज से आरामदायक रहेगा. तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. जबकि 16 अक्टूबर को हरियाणा में फिर से बारिश की संभावना है. इस दिन तापमान में गिरावट आएगी और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. 17 अक्टूबर को प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और बादल छाएं रहेंगे.वही 18 अक्टूबर को हरियाणा में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है. तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.