कुछ लोग स्ट्राइक रेट का झुनझुना बजा रहे हैं… गिरिराज सिंह ने बिना नाम लिए चिराग पर निकाली भड़ास, BJP को भी दी वार्निंग!

पटना: केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जनता नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही जानती है और यही एनडीए के असली चेहरे हैं. दरअसल गिरिराज सिंह ने बिना नाम लिए चिराग पासवान पर भी निशाना साधा है. गिरिराज सिंह ने कहा कि कुछ लोग आज मजबूत सीट लेकर स्ट्राइक रेट का झुनझुना बजा रहे है. लेकिन, 2010 के बिहार चुनाव में एनडीए ने इतिहास रचा था.

गिरिराज सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे “फील गुड” या दिखावे की राजनीति से दूर रहें और अपने संगठन और जनता की आवाज को महत्व दें. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बीजेपी को एक तरह से वार्निंग देते हुए बयान दिया है कि बिहार में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ही चेहरे हैं. उन्होंने कहा कि जनता नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी को जानती है. गिरिराज सिंह ने बीजेपी को सलाह दी कि फील गुड से दूर रहना चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं की आवाज सुननी चाहिए.

दरअसल गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर लिखा- ये होता है असली स्ट्राइक रेट. आज मजबूत सीट लेकर स्ट्राइक रेट का झुनझुना बजा रहे है. 2010 के बिहार चुनाव में एनडीए ने रचा था इतिहास. 243 में से जीतीं 206 सीटें! जदयू ने 141 में से 115 सीटें जीतीं ..स्ट्राइक रेट 81%. बीजेपी ने 102 में से 91 सीटें जीतीं ..स्ट्राइक रेट 89%. इतनी प्रचंड जीत बिहार की राजनीति में फिर कभी नहीं दोहराई गई. तब भी धर्मेंद्र प्रधान जी प्रभारी थे आज भी प्रभारी है.

बता दें, चिराग पासवान एनडीए के अंदर बार-बार 2024 लोकसभा चुनाव की स्ट्राइक रेट का हवाला देते हुए अधिक सीटों की मांग करते रहे हैं. वहीं एनडीए के अंदर चिराग पासवान को 29 सीटें दी गई है, जिसको लेकर एनडीए के 2 अन्य सहयोगी जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा ने भी इशारों ही इशारों में नाराजगी जताई है. वहीं अब बीजेपी के ही दिग्गज नेता गिरिराज सिंह ने बिना नाम लिए चिराग पासवान की स्ट्राइक रेट पर हमला किया है.