Donald Trump Iran: एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप दुनिया में शांति के अग्रदूत बनने की बात कर रहे हैं. 7-8 युद्ध रुकवाने का दावा करते हैं लेकिन अब वह सरेआम उस देश को धमकी दे रहे हैं, जिस पर कुछ ही महीनों पहले उनके देश ने बम बरसाए हैं. हम बात कर रहे हैं शिया मुल्क ईरान की. गाजा शांति समझौते के पहले चरण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायल पहुंचे हुए हैं. उन्होंने इजरायली संसद को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका बी-2 बमवर्षकों का भंडार कर रहा है, जिनका इस्तेमाल अमेरिका ने जून 2025 में इजरायल-ईरान संघर्ष के दौरान ईरान पर हमला करने के लिए किया था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमने अभी 28 नए बी2 बमवर्षकों का ऑर्डर दिया है.’
ईरान पर यूएस ने किए थे हमले
आपको याद होगा कि कुछ महीनों पहले इजरायल ने ईरान में हमले किए थे. उस वक्त डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान में इजरायल के हमलों में शामिल नहीं होंगे. लेकिन बाद में कहा कि अमेरिका ने ईरान की टॉप एटमी साइट्स को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया है. अमेरिका ने ईरान की तीन अहम एटमी साइट्स-फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर हमला किया, जो इजराइल-ईरान युद्ध में उसका पहला दखल था. यह जंग 13 जून को इजराइल की ओर से ईरान पर हमला करने के बाद शुरू हुई थी.
ईरान के फोर्डो पर अपने हमले में अमेरिका ने लगभग 30,000 पाउंड के “बंकर बस्टर” बम और हथियारों का इस्तेमाल किया था. ईरान की एटमी साइट्स पर हमला करने के बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर जंग में अमेरिकी दखल का ऐलान किया. ट्रंप ने हवाई हमलों को अयातुल्ला अली खामेनेई के ईरान के खिलाफ एक बेहद सफल सैन्य अभियान करार दिया था.
क्या है बी2 बॉम्बर, जिसने मचाई थी तबाही?
यह एक स्टील्थ विमान है, जो मुश्किल से ही रडार के पकड़ में आता है.
यह बिना रिफ्यूलिंग के 11000 किमी तक उड़ सकता है और रीफ्यूलिंग के बाद तो यह दुनिया में कहीं भी पहुंच सकता है.
इसमें 18-20 टन तक हथियार ले जाया जा सकता है. इससे गाइडेड हथियार के अलावा बंकर बस्टर भी दागे जा सकते हैं.
यह परमाणु हमले को भी अंजाम दे सकता है. इसके क्रू में सिर्फ दो पायलट होते हैं. अंदर से अगर देखें तो यह किसी चलते फिरते होटल से कम नहीं है.
इसमें माइक्रोवेव ओवन, स्नैक्स रखने वाला स्टोरेज, कैंडी बार, दूध सैंडविच जैसी चीजें रखी जा सकती हैं. इसके अलावा पायलट्स के लिए टॉयलेट्स भी हैं.