Bihar Chunav 2025: दिल्ली दंगा केस में जेल में बंद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के शोधार्थी शरजील इमाम ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए दो सप्ताह की अंतरिम ज़मानत मांगी है. इसके लिए उसने दिल्ली की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया है. इमाम ने कड़कड़डूमा कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) समीर बाजपेयी के समक्ष अंतरिम ज़मानत याचिका दायर की है, जो दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले की सुनवाई कर रहे हैं. शरजिल इमाम ने 15 से 29 अक्टूबर तक के लिए ज़मानत की मांग की है.
शरजिल इमाम पर नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. उसे अन्य मामलों में ज़मानत मिल चुकी है, लेकिन दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में वह जेल में बंद है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूएपीए लगाया है.
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2 सितंबर को इस मामले में नियमित ज़मानत देने से इनकार कर दिया था. उस आदेश के खिलाफ उसकी अपील सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है.
बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, अपनी अंतरिम ज़मानत याचिका में, शरजिल इमाम ने कहा है कि वह एक राजनीतिक कैदी और एक छात्र कार्यकर्ता है. याचिका में कहा गया है, मैं अपने गृह राज्य बिहार से चुनाव लड़ने का इच्छुक हूं, जो 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में होने वाला है. शरजिल इमाम ने यह भी कहा है कि वह बहादुरगंज सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चाहता है.