DIG की कोठी में ₹5 करोड़, 15 प्रॉपर्टी-लग्जरी गाडियां-सोना ही सोना

मोहाली। केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को रिश्वत केस में गिरफ्तार किया है। DIG ने बिचौलिए के जरिए फतेहगढ़ साहिब में मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी से 8 लाख की रिश्वत मांगी थी।

इसके बाद दिल्ली और चंडीगढ़ से आई CBI की करीब 52 लोगों की टीम ने उनके मोहाली ऑफिस और चंडीगढ़ के सेक्टर 40 की कोठी को खंगाला। उनकी कोठी से 5 करोड़ का कैश मिला। जो 3 बैग और 1 अटैची में भरा हुआ था। इससे गिनने के लिए CBI की टीम को नोट गिनने वाली मशीन मंगवानी पड़ी।

इसके अलावा भारी मात्रा में गहने भी मिले। CBI को DIG की 15 प्रॉपर्टी और लग्जरी गाड़ियों के डॉक्यूमेंट्स भी मिले है। DIG की चंडीगढ़ कोठी में CBI की टीमें अभी भी जांच कर रही हैं। भुल्लर को मोहाली स्थित DIG ऑफिस से पकड़ने की सूचना है लेकिन अभी तक जांच एजेंसी ने औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

DIG पर दर्ज FIR की कॉपी भी सामने आई है। जिसमें स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्ता ने आरोप लगाया कि DIG ने उसे ऑफिस बुलाकर गुस्से में फटकारा। डीआईजी ने बिचौलिए कृष्नु के जरिए उससे बार–बार रिश्वत मांगी।

DIG हरचरण भुल्लर 2007 बैच के IPS अफसर हैं। भुल्लर के पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के DGP रह चुके हैं। DIG के भाई कुलदीप भुल्लर भी कांग्रेस से MLA रह चुके हैं। यही वजह है कि भुल्लर हर पार्टी की सरकार में बड़े पद मिलते रहे।