मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर गंग नहर में लगभग 15 दिनों के बाद पानी छोड़ा गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो सिंचाई के लिए पानी का इंतजार कर रहे थे।
गंग नहर पिछले लगभग 15 दिनों से बंद थी, जिससे किसानों को सिंचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह समय सरसों और गेहूं जैसी फसलों की बुवाई का है, और पानी की कमी के कारण बुवाई प्रभावित हो रही थी।
देर रात रहमतपुर गंग नहर से सिकंदरपुर गंग नहर में पानी छोड़ा गया। अब किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे और समय पर बुवाई का काम पूरा कर पाएंगे।
भूतपूर्व प्रधान विनय कुमार, पूर्व प्रधान संसार सिंह, पूर्व प्रधान नरेश कुमार, चौधरी कालूराम, भोपाल सिंह, चौधरी अजीत सिंह और राजू पाल सहित कई किसानों ने बताया कि गंग नहर में सही समय पर पानी आने से उन्हें काफी खुशी है। वे अब अपनी फसलों की बुवाई समय पर कर पाएंगे।