मुजफ्फरनगर में सूदखोर पर युवक की मौत का आरोप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली नगर में सूद की वसूली को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने एक सूदखोर और उसके दो साथियों पर पिटाई करने तथा जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला इस्लामनगर निवासी मुबशशिर पुत्र अजीम की बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हुई। मुबशशिर ने कुछ समय पहले मोहल्ले के कुछ लोगों को एक सूदखोर से ब्याज पर पैसे दिलवाए थे और वह उनका गारंटर था। जब कर्जदार मूलधन और ब्याज नहीं चुका पाए, तो सूदखोर ने गारंटर मुबशशिर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

मृतक के पिता अजीम की तहरीर के मुताबिक, सोमवार सुबह सूदखोर अपने दो साथियों के साथ मुबशशिर को घर से जबरन बुलाकर एक एकांत स्थान पर ले गए। आरोप है कि तीनों ने मुबशशिर की पिटाई की और उसे कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। गंभीर रूप से अस्वस्थ मुबशशिर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना बताई।

परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुबशशिर की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पिता अजीम की तहरीर पर सूदखोर और उसके दो साथियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।