तेजस्वी से आगे निकली केजरीवाल की AAP, बिहार की महिलाओं को 3000 रुपये देने का वादा

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में वादों और घोषणाओं का सिलसिला जारी है। इस मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) तेजस्वी यादव के राष्ट3ीय जनता दल (आरजेडी) से एक कदम आगे निकल गई है। आप ने बिहार की सत्ता में आने पर महिलाओं को मैया सम्मान योजना के जरिए हर महीने 3000 रुपये देने का वादा कर दिया है। बता दें कि तेजस्वी पहले ही माई-बहिन योजना के जरिए महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा कर चुके हैं।

आम आदमी पार्टी की बिहार इकाई ने विधानसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने महिलाओं के लिए मैया सम्मान योजना लाने का वादा किया। इसके तहत तीन हजार रुपये मासिक सहायता के अलावा 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त लोन, रसोइया बहनों के लिए 12,000 रुपये वेतनमान और सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने की घोषणा की। पार्टी ने कहा कि बिहार की महिलाएं अब परिवार ही नहीं, अर्थव्यवस्था की ताकत बनेंगी।

बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।
आप के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव और सह प्रभारी अभिनव राय ने गुरुवार को ‘बिहार का हक, आम आदमी पार्टी का’ संकल्प जारी किया। पटना में अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घोषणा पत्र बिहार की जनता की आकांक्षाओं, अधिकारों और सम्मान का दस्तावेज है, जो काम की राजनीति पर आधारित है।

आप ने अपने घोषणा पत्र में हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का हक के तहत दिल्ली मॉडल की तर्ज पर एक हजार से अधिक आदर्श विद्यालय स्थापित करने, हर पंचायत में डिजिटल लैब और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति करने का वादा किया। वहीं, हर घर को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और 24 घंटे सप्लाई की गारंटी देने, गरीब एवं मध्य परिवारों के पुराने बिल माफ करने, हर पंचायत में सोलर स्टेशन स्थापित करने का भी घोषणा की।

आप के बिहार में अन्य चुनावी वादे-
स्वास्थ्य के क्षेत्र में मोहल्ला क्लिनिक
हर गांव में इलाज की सुविधा
किसान सशक्तीकरण के तहत खेत से मंडी तक सम्मान दिया जाएगा
युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरी
बेरोजगारों को तीन हजार रुपये मासिक भत्ता
कौशलयुक्त युवाओं को 12 हजार रुपये तक प्रशिक्षण भत्ता
आईटी, कॉल सेंटर, एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर पलायन रोकना
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को एसी ट्रेन से मुफ्त यात्रा की सुविधा
हर खेत को पानी