हरियाणा पुलिस के SHO ने बेचा इमान, रिश्वत लेते गिरफ्तार, दो दिन पहले ले चुका था 3 लाख रुपये

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने थानेसर शहर के थाने के एसएचओ को 50 हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया. एंटी करप्शन ब्यूरो पंचकूला की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम एसएचओ को पकड़ कर अपने ब्यूरो दफ्तर ले गई और वहां कागजी कार्रवाई की. घटना को लेकर एसीबी की टीम ने मीडिया से कोई भी बातचीत नहीं की और कार्रवाई से दूरी बनाकर रखी.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, थाना शहर थानेसर के एसएचओ विनय कुमार ने सिल्वर सिटी के रहने वाले सागर से पैसे के लेनदेन के मामले में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. एसएचओ सागर के परिवार को उठाने की धमकी देर रहा था, क्योंकि सागर खुद विदेश में गया हुआ है.

इस पर सागर के साढू अनिल कुमार ने एसीबी की टीम शिकायत दी थी. बताया जा रहा है कि साढ़े 3 लाख रुपये में एसएचओ के साथ डील हुई थी दो दिन पहले एसएचओ ने 3 लाख रुपये वसूल कर लिए थे. बकाया 50 हजार रुपये के लिए शिकायतकर्ता को एसपी ऑफिस के नजदीक सर्किट हाउस के पास बुलाया था. जैसे ही एसएचओ ने पैसे लिए तो एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया. इस कार्रवाई के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया.

एसीबी के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि पंचकूला कंट्रोल रूम में शिकायत मिली थी. एक सिविल मामले में पांच लाख रुपये मांगे गए थे. गुरुवार को 50 हजार रुपये लेने के लिए बुलाया गया था. सब इंस्पेक्टर विनय को एसीबी की टीम रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है. ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर थे.

क्या है मामला
शिकायकर्ता ने बताया कि हमारी लाडवा में बैटरी फैक्टरी थी और हमारी पार्टनर के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. मामला कोर्ट में चल रहा था और नवंबर 15 को साथी पार्टनर को बुलाया था. अनिल ने बताया कि उनका साढू नेपाल में है. लेकिन पुलिस उनके घर पर आ गई और कहा कि परिवार को गिरफ्तार कर लेंगे. अनिल ने कहा कि सब इंस्पेक्टर विनय कुमार ने कहा था कि वह उनके परिवार को बचा लेंगे.