हिमाचल में ये क्या हो रहा है…? यूनिवर्सिटी के बाहर धायं-धायं, दनादन गोलियां चलाने से छात्रों में मची भगदड़

सोलन. हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. बीती रात को जिला ऊना में गोलीकांड के बाद अब सोलन भी धांय धांय से गूँज से दहल उठा. यहां पर गुरुवार को शूलिनी यूनिवर्सिटी के पास सुल्तानपुर रोड पर एक युवक ने सरेआम पिस्टल लहराते हुए 9 बार हवाई फायर कर दिए. अचानक हुई फायरिंग से पूरा इलाका सहम गया और शूलिनी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में भारी दहशत फैल गई. उधर, घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हवा में दनादन 10 के करीब गोलियां चलाता नजर आ रहा है.

फायरिंग के चलते कई छात्र डर के मारे इधर-उधर भागते देखे गए.गोलियां चलाने के बाद युवक मौके से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन सोलन की चौकन्नी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत दबोच लिया. पुलिस की तेजी से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है.
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले शूलिनी विश्वविद्यालय के दो छात्र गुटों में कहासुनी हुई थी, जिसके चलते आज उनके परिजनों को बुलाया गया था. उसी समय अचानक यह सनसनीखेज घटना हुई. पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.एसपी ने यह भी कहा कि युवक के पास मौजूद पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध, इसकी जांच जारी है. हथियार को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है.

ऊना के बाद सोलन में हुई इस घटना ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. आऱोपी युवक हरियाणा रहने वाला बताया जा रहा है.

ऊना में कांग्रेस नेता की हत्या
गौरतलब है कि बीती रात को ऊना के लालसिंघा में एक निजी होटल के बाहर कांग्रेस के युवा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में कांग्रेस के ही पूर्व युवा ब्लॉक अध्यक्ष सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है. घटना में घायल दो युवकों को चंडीगढ़ भेजा गया है.