चम्पावत। चम्पावत जिले से गायब हुआ मोबाइल फोन 6 महीने बाद इंग्लैंड में मिला है। चम्पावत जिले से गायब हुआ मोबाइल फोन 6 महीने बाद इंग्लैंड में मिला है। मोबाइल अपने साथ ले जाने वाले व्यक्ति ने कोरियर के माध्यम से मोबाइल को चंपावत पुलिस के पते पर लौटाया है। शनिवार को एसपी अजय गणपति ने मोबाइल फोन पीड़ित की पत्नी को सौंपा।
पाटी विकासखंड के रहने वाले कमल सिंह ने 15 मई 2025 को पुलिस थाने में स्मार्ट फोन गायब होने की शिकायत की थी। पुलिस ने सीईआइआर प्रणाली की मदद लेकर मोबाइल को ट्रेस किया। कुछ समय बंद रहने के बाद मोबाइल इंग्लैंड में चालू हुआ। पुलिस टीम ने इंग्लैंड में फोन का उपयोग कर रहे मोहित कालरा से संपर्क किया।
कानूनी जानकारी और समझाइश के बाद मोहित कालरा ने सहयोग करते हुए फोन को भारत कोरियर कर दिया। चम्पावत के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पाटी थाना पुलिस ने विदेश से प्राप्त मोबाइल फोन कमल सिंह की पत्नी दीपा बोहरा को विधिवत सौंप दिया। कमल सिंह की पत्नी दीपा बोहरा ने कहा कि वह मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुकी थी।
मोबाइल वापस पाकर बहुत खुश है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर कमल सिंह और उनके परिजनों ने चम्पावत पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की इस संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।