नैनीताल में गहरी खाई में गिरी बारातियों की कार-मच गया हाहाकार

नैनीताल में कैंची धाम के नजदीक देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही बारातियों की कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुई.

शनिवार (22 नवंबर) देर रात पुलिस चौकी खैरना को सूचना मिली कि कैंची धाम के पास एक SUV खाई में गिर गई है. बताया गया कि गाड़ी में 4 लोग सवार थे. SDRF पोस्ट खैरना से निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची. रतिघाट नामक स्थान पर गाड़ी गहरी खाई में गिरी मिली. वाहन अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रहे एक बारात दल का बताया जा रहा है.

मौके पर SDRF टीम को बेहद चुनौतीपूर्ण हालात का सामना करना पड़ा. खाई बेहद गहरी थी, पहाड़ी इलाका ऊबड़-खाबड़ था और रात्रि का घना अंधेरा रेस्क्यू को और मुश्किल बना रहा था. इसके बावजूद जवानों ने बिना समय गंवाए अभियान शुरू किया. गाड़ी तक पहुंचने के लिए टीम को रस्सियों व स्ट्रेचर की मदद लेनी पड़ी.

एक घायल को बचाया, तीन लोगों की मौत
रेस्क्यू टीम को खाई में एक घायल व्यक्ति मिला, जिसे सुरक्षित निकालकर 108 एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया. घायल की पहचान मनोज कुमार, निवासी अल्मोड़ा के रूप में हुई है.

दुर्भाग्यवश हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. SDRF टीम ने गहरी खाई से शवों को निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया. सभी मृतकों की भी पहचान हो चुकी है. इनमें संजय बिष्ट, सुरेंद्र भंडारी, पुष्कर भैसोड़ा थे. सभी अल्मोड़ा के ही रहने वाले थे.

बारात की खुशी मातम में बदली
जो लोग बारात में शामिल होने जा रहे थे, उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में खुशियों का यह सफर मातम में बदल जाएगा. ग्रामीणों ने भी SDRF की कार्रवाई की सराहना की और बताया कि रात के अंधेरे में बचाव कार्य करना बेहद मुश्किल था, लेकिन टीम ने पूरी तत्परता से रेस्क्यू पूरा किया.