हरियाणा के पुनहाना में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर तो भड़के दुकानदारों ने किया हंगामा

नूँह. हरियाणा के नूँह जिले की पुनहाना नगर पालिका की ओर से शहर के मुख्य मार्गों पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान से बुधवार को बड़ा विवाद हो गया. अभियान के दौरान कई दुकानों के सामने लगे टीन शेड और अन्य सामान तोड़े जाने पर दुकानदार भड़क उठे और उन्होंने गोयल नर्सिंग होम मार्ग को बंद कर दिया. गुस्साए दुकानदारों ने नगरपालिका सचिव साहिल धनखड़ का पुतला फूंककर कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया. अहम बात है कि अवैध कब्जे करने के बाद भी दुकानदार भड़क गए.

दुकानदारों का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई बिना पूर्व सूचना और बिना नोटिस की गई है. उनका कहना है कि सुबह-सुबह दुकानें खुलने से पहले ही तोड़फोड़ कर दी गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

ओमप्रकाश, खेमचंद सैनी, हेमराज समेत अन्य दुकानदारों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई चुनिंदा दुकानों पर की गई, जबकि पूरे शहर में अतिक्रमण मौजूद है. आरोप लगाया गया कि राजनीति के दबाव में कुछ दुकानों को निशाना बनाया गया, जबकि आसपास की दुकानों को नहीं छुआ गया है. दुकानदारों ने मांग की है कि शासन-प्रशासन उनके भारी नुकसान की भरपाई करे. नगरपालिका सचिव साहिल धनखड़ ने दुकानदारों के आरोपों को सिरे से नकार दिया है. उनका कहना है कि शहर में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण जाम समस्या गंभीर हो चुकी थी और लगातार शिकायतें मिल रही थी. सचिव ने दावा किया कि पिछले दो महीनों में हर दस दिन में मुनादी और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन लोगों ने पालन नहीं किया. सुबह-सुबह कार्रवाई इसीलिए की गई ताकि 10 बजे के बाद दुकानें खुलने पर नुकसान और न बढ़े.

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और नियमों के तहत की गई है और आगे भी पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा. अभियान के बाद शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दुकानदारों तथा प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है.